मंडलीय युवा समारोह के दूसरे दिन के खेलों में कासगंज, हाथरस और एटा के खिलाड़ी छा गए। पांच हजार मीटर अंडर-19 बालक वर्ग की दौड़ में कासगंज के रवेंद्र प्रथम, इसी जनपद के प्रशांत कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। तीन हजार मीटर अंडर-17 बालिका वर्ग की दौड़ में कासगंज की देवशी प्रथम और एटा की रंजना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में 100 मीटर अंडर-14 बालिका वर्ग की दौड़ में हाथरस की कनिष्का प्रथम, एटा की शिवानी द्वितीय और कासगंज की वर्षा तृतीय स्थान पर रहीं। 800 मीटर अंडर-19 बालिका वर्ग की दौड़ में कासगंज की रीता प्रथम, कासगंज की गुड़िया द्वितीय और एटा की माधुरी तृतीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर अंडर-19 बालिका वर्ग की दौड़ में अंजली यादव कासगंज प्रथम और रूबी कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालिका वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में एटा की शीतल प्रथम और शिल्पी द्वितीय स्थान पर रहीं। मध्यांतर के बाद बारिश होने से प्रतियोगिता दोबारा शुरू नहीं हो सकी।
गुलवीर और नीरू को प्रेरणा बनाएं : विधायक
शुभारंभ करते हुए कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि दौड़ में गुलवीर सिंह एवं नीरू पाठक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलीगढ़ का नाम रोशन किया है, हर खिलाड़ी उनको अपनी प्रेरणा बनाए। राजकीय विद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। यहां पर करण प्रकाश, दिग्विजय सिंह, ईश्वर दास वर्मा, राशिद हुसैन, डॉ. चंद्रभान मिश्रा, डॉ कौशलेंद्र यादव, प्रदीप कुमार आदि प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
कई छात्राएं बेसुध, कुछ नंगे पांव दौड़ीं
मंडलीय युवा समारोह की दौड़ प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाली पांच छात्राएं कमजोरी के कारण बेसुध हो गईं। जिन्हें तत्काल सहारा देकर बैठाया गया। इसके बाद उन्हें उपचार दिलाया गया। वहीं, आठ छात्राएं नंगे पांव ही दौड़ीं। इस पर कई सवाल उठ रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षण पूरन सिंह ने कहा है कि दोनों समस्याओं की जांच कराई जाएगी।
प्रधानाचार्यों की दौड़ में डॉ. विपिन रहे प्रथम
जिला विद्यालय निरीक्षक ने मौके पर उपस्थित प्रधानाचार्यों से भी 100 मीटर की दौड़ कराई। डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं युवा समारोह के संयोजक डॉ. विपिन वार्ष्णेय प्रथम, डॉ कौशलेंद्र यादव व डॉ महेश संयुक्त रूप से द्वितीय तथा डॉ. अनूप शर्मा व प्रदीप कुमार संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि ने विजेताओं और उपविजेताओं को मेडल पहना कर सम्मानित किया।