प्रशासन की शह पर उबाली जा रही चर्बी: मेयर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चर्बी उबलने से शहर में बदबू फैलने का मामला गरमाता जा रहा है। इसको लेकर मेयर शकुुंतला भारती ने सीधे-सीधे प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। मेयर का आरोप है कि यह पूरा खेल प्रशासन की मर्जी से हो रहा है। चर्बी किसी प्रेशर कुकर में नहीं उबलती, भट्टियों पर बड़ी-बड़ी कढ़ाईयों पर उबाली जाती है।
इसके लिए काफी जगह की आवश्यकता होती है, जिसे प्रशासन की नजरों से नहीं बचाया जा सकता। इससे साफ जाहिर होता है कि प्रशासन द्वारा अवैध वसूली कर चर्बी उबलवाई जा रही है, और पूरा शहर शहर झेलता है।
बता दें कि महापौर ने इस संबंध में अनशन की चेतावनी देते हुए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। मेयर का कहना है कि यह काम प्रशासन, शासन के दबाव में आकर करता है, और बदनाम महापौर को किया जा रहा है। इस प्रकार की साजिश को मैं कभी भी सफल नहीं होने दूंगी।
प्रशासन की निष्क्रियता और वर्दी के नाम पर अवैध वसूली की वजह से ही आज अलीगढ़ में नागरिकों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है कि जब नगर निगम के कट्टीघर बंद हैं, तो गली गली में कट्टीघर किसके इशारे पर चल रहे हैं?
क्या इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे हर हाल में 24 घंटे के भीतर महानगर में से चर्बी की बदबू बंद चाहिए चाहे प्रशासन इसके लिए कुछ भी करे।