जाट महासभा अलीगढ़ ने तीनों कृषि कानूनों का समर्थन किया है। साथ ही किसानों के नाम पर चल रहे आंदोलन का विरोध किया है। जाट महासभा के फैसले के बाद भाजपा नेताओं के चेहरे खिल गए हैं।
जाट महासभा की बैठक मंगलवार को जीटी रोड स्थित सम्राट लॉज में जिलाध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। ब्लाक एवं तहसीलों से आए महासभा के सदस्यों ने केंद्र सरकार द्वारा पारित तीनों कानूनों का ध्वनिमत से समर्थन किया। किसानों के नाम पर चल रहे आंदोलन का विरोध किया। साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की गई। महासभा के महासचिव चौधरी दिगंबर सिंह प्रधान ने कहा कि किसान कब तक मोहरा बनते रहेंगे। कृषि कानून में काला क्या है, यह बताने को कोई तैयार नहीं है। इससे समाज की बदनामी हो रही है। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम अंजुम बी को दिया, जिसमें 54 लोगों के हस्ताक्षर हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने जाट महासभा को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि हमारी बिरादरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुत कुछ किया है। बजट में किसानों को बहुत कुछ दिया है।