सहायक आचार्य-राजकीय महाविद्यालय प्रारंभिक परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी
- फोटो : संवाद
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक आचार्य-राजकीय महाविद्यालय प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को अलीगढ़ विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच एक सत्र में परीक्षा आयोजित की गई।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 7,741 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,316 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,425 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में कुल उपस्थिति 55.75 प्रतिशत दर्ज की गई।
प्रमुख केंद्रों का उपस्थिति विवरण
- चम्पा अग्रवाल गर्ल्स इण्टर कालेज: यहाँ पंजीकृत 480 परीक्षार्थियों में से 274 उपस्थित और 206 अनुपस्थित रहे।
- डीएवी इण्टर कालेज (नौरंगावाद): केंद्र पर 480 में से 259 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 221 अनुपस्थित रहे।
- धर्म समाज महाविद्यालय: 480 परीक्षार्थियों में से 267 उपस्थित रहे, जबकि 213 ने परीक्षा छोड़ दी।
- श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय- इस केंद्र पर सर्वाधिक 292 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 188 अनुपस्थित दर्ज किए गए।
- रघुवीर सहाय इण्टर कालेज- यहाँ भी उपस्थिति बेहतर रही, जहाँ 480 में से 284 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
इन केंद्रों पर रही सबसे कम उपस्थिति
श्री माहेश्वर इण्टर कालेज (सासनीगेट) और श्री उदय सिंह जैन कन्या इण्टर कालेज में सबसे कम उपस्थिति रही, जहाँ दोनों ही केंद्रों पर मात्र 197-197 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरों और कड़े सुरक्षा घेरे के बीच शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा छूटने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।