जेएन मेडिकल कॉलेज में हंगामा करते अरिमर्दन सिंह
- फोटो : वीडियो ग्रैब
पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी सीएम योगी को अपशब्द कहने वाले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर अरिमर्दन सिंह पाल से पढ़ाने का काम छीन लिया गया है। वह जांच होने तक नहीं पढ़ा सकेंगे। साथ ही असिस्टेंट प्रोफेसर पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। अरिमर्दन सिंह पाल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के बेटे हैं।
एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर अरिमर्दन सिंह पाल ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को अपशब्द कहे थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क विभाग की प्रभारी प्रोफेसर विभा शर्मा ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उनसे दो दिन में जवाब मांगा गया है, जिसकी मियाद 1 फरवरी को पूरी हो रही है। जवाब के आधार पर ही कार्रवाई होगी। फिलहाल उनसे पढ़ाने के लिए मना कर दिया गया है।
असिस्टेंट प्रोफेसर पर मुकदमा दर्ज
मामले में 30 जनवरी को युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजा भैया ने असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी थी। आज 31 जनवरी को थाना सिविल लाइंस में असिस्टेंट प्रोफेसर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ तृतीय अभय कुमार पाण्डेय ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र का एक प्रकरण संज्ञान में आया है जिसमें सिविल लाइन क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा गणमान्य व्यक्तियों के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था, जिस सम्बन्ध में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।