फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: युवती की शादी तय होते ही सिरफिरे ने किया हमला, मौसी घायल

विज्ञापन
प्रतीकात्मक फोटो - फोटो : Archive
विज्ञापन
गांधीपार्क थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में युवती की शादी तय होने से बौखलाए आरोपी ने न सिर्फ शादी तोड़ने और तेजाब फेंकने की धमकी दी, बल्कि साथियों के साथ पीड़िता के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने बीच-बचाव करने आई युवती की मौसी पर धारदार हथियार से वार कर उनका सिर फाड़ दिया।
विज्ञापन



पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, इलाके की ही एक महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी भांजी को मोहल्ले का ही विनीत सागर लंबे समय से परेशान कर रहा है। रास्ता रोककर छेड़खानी करना, अश्लील टिप्पणी करना और जबरन शादी का दबाव बनाना उसकी आदत बन चुकी है।


हद तो तब हो गई जब आरोपी ने युवती की कुछ तस्वीरें एडिट कर अश्लील फोटो तैयार कर लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी ने यह भी धमकी दी थी कि यदि उससे शादी नहीं की तो वह युवती पर तेजाब डालकर उसका चेहरा खराब कर देगा या उसे गोली मार देगा। इस संबंध में अगस्त 2024 में भी उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
विज्ञापन

हाल ही में युवती का रिश्ता तय हुआ है और छह जुलाई 2026 को उसकी शादी होनी है। इस बात की भनक लगते ही आरोपी विनीत सागर आगबबूला हो गया और उसने हर हाल में शादी न होने देने का ऐलान कर दिया। इसी रंजिश के तहत 24 मई को विनीत ने अपने साथियों कल्लू, दिव्यांशु और दो-तीन अज्ञात के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर पर धावा बोल दिया।



घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब युवती की मौसी ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।

गांधीपार्क थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर विनीत, कल्लू, दिव्यांशु और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, छेड़छाड़ और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ द्वितीय धनंजय कुमार के मुताबिक घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें