संस्कृति विभाग बुजुर्ग और विपन्न कलाकारों को मासिक पेंशन देगा। इसके लिये इच्छुक कलाकारों से 20 जुलाई तक आवेदन मांगे गये हैं। आवेदन पत्र संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ में जमा होंगे। चयनित कलाकारों को 2 हजार रुपये प्रति माह मासिक पेंशन दी जाएगी।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ऐसे ख्याति प्राप्त बुजुर्ग एवं विपन्न कलाकारों को पेंशन दी जाएगी, जिन्होंने संबंधित कला एवं विद्या क्षेत्र में न्यूनतम 10 वर्षों तक कला प्रदर्शन किया हो। जिनकी आयु 60 वर्ष से कम न हो। आय 24 हजार रुपये प्रति वर्ष से अधिक न हो। आय प्रमाणपत्र तहसीलदार द्वारा प्रमाणित होना चाहिए एवं आयु के प्रमाण के लिए हाईस्कूल का प्रमाणपत्र या मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा दिया गया प्रमाणपत्र मान्य होगा। केवल संस्कृति निदेशालय द्वारा निर्धारित प्रपत्र पर ही आवेदन मान्य होंगे। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ जिलाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी से संस्तुति व अग्रसारित कराकर संस्कृति निदेशालय को निर्धारित अंतिम तिथि 20 जुलाई तक जमा करना होगा। अपूर्ण एवं प्राधिकृत अधिकारी की संस्तुति रहित एवं विलंब से प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं होगा। आवेदन पत्र का प्रारूप वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। आवेदन का प्रारूप संस्कृत निदेशालय के वेबसाइट अथवा सूचना विभाग में भी उपलब्ध है। इसे नि:शुल्क प्राप्त किया जा सकता है।