थाना सासनी गेट क्षेत्र के आगरा रोड स्थित निकल प्लांट के कारखाने में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने प्लांट मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला एडीए कॉलोनी के रहने वाले विशाल आनंद ने बताया कि उसका 18 वर्षीय बेटा कार्तिक निकल प्लांट के कारखाने में काम करता था। मंगलवार की दोपहर उसकी प्लांट के मालिक के कुछ लोगों से मारपीट हो गई। उसके कुछ देर बाद उसके बेटे की मौत हो गई।
कार्तिक की मौत के बाद परिजनों ने प्लांट पर जाकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर सासनीगेट जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।