कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कूटरचित तरीके से नौकरी पाने वाली शिक्षिका संध्या द्विवेदी की गिरफ्तारी जल्द होगी। मामले की विवेचना की जिम्मेदारी एसआई दुर्वेश कुमार को सौंपी गई है। सोमवार को दो महिला सिपाहियों ने वार्डन स्नेहा सिंह से पूछताछ की।
जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका बिजौली व विजयगढ़ में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। इसमें फर्जी शिक्षिका बबली यादव को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय विजयगढ़ में आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र में हेरफेर करके करीब पांच महीने नौकरी करने वाली संध्या द्विवेदी 8 मार्च 2019 से छुट्टी पर गई, अभी तक विद्यालय नहीं पहुंची है। उधर, उसके खिलाफ कूटरचित के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने इस मामले की विवेचना उप निरीक्षक दुर्वेश कुमार को दे दी है। वह मामले की विवेचना कर रहे हैं। शनिवार को बीएसए कार्यालय के बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उप निरीक्षक दुर्वेश कुमार पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। महिला सिपाहियों ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के वार्डन स्नेहा सिंह से पूछताछ की। इस दौरान वार्डन ने बताया कि उसकी नियुक्ति फर्जी है। उसका पता भैंसरोली भोगांव मैनपुरी दर्ज है।
एसआई दुर्वेश कुमार ने बताया कि मैनपुरी की पुलिस ने जांच में पाया कि संध्या द्विवेदी नाम की कोई महिला भोगांव में नहीं है, उसका पता गलत है। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में जो कमरे में अलमारी है, उसमें ताला लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से अनुमति मिलते ही मैनपुरी जाएंगे।