समय : दोपहर 12:25, स्थान तालनागरी
तालनगरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर अमर उजाला की टीम ने पहुंच कर पेट्रोल मापने के लिए मापक यंत्र मांगा तो पंप कर्मचारी ने मना कर दिया। इसके अलावा यहां पेयतल व्यवस्था नहीं दिखी। फ्री हवा भी पंप से नदारद मिली। यहां अग्निशमन यंत्र भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद नहीं थे।
समय दोपहर 1 बजे : स्थान रामघाट रोड
रामघाट रोड स्थित विद्यानगर कॉलोनी के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर अमर उजाला की टीम ने पेट्रोल पंप कर्मचारी से पेट्रोल की गुणवत्ता जांचने के लिए फिल्टर पेपर की मांग की तो पंप कर्मचारी ने देने से मना कर दिया। इसके अलावा यहां आग से निपटने के लिए भी पर्याप्त संसाधन नहीं थे। आग बुझाने वाली बालू की बाल्टियां खाली थीं। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर अग्निशमन यंत्र भी नहीं दिखाई दिए।
समय दोपहर 2 बजे : स्थान मसूदाबाद
मसूदाबाद बस अड्डे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर न तो शौचालय की व्यवस्था है और न ही शुद्ध पानी की व्यवस्था। यहां फ्री हवा की मशीन भी धूल फांक रही थी। अमर उजाला की टीम ने जब पंप कर्मचारी से शौचालय के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि यहां शौचालय नहीं हैं। हम तो बस अड्डे के शौचालय का ही प्रयोग करते हैं। पेयजल को लेकर भी समुचित व्यवस्था नहीं थी।
पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की सुविधाओं के लिए बड़े अंकों में प्रतिदिन के पेट्रोल और डीजल के रेटों को प्रदर्शित किया जाना चाहिए। कुछ पेट्रोल पंपों को छोड़ दिया जाए तो बाकी के पेट्रोल पंपों पर यह रेट केवल मशीन पर ही दिखाई देता है।
फर्स्ट एड बॉक्स तक नहीं हैं
जिले के पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ता सुरक्षा के लिए फर्स्ट एड बॉक्स भी मौजूद नहीं हैं। दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी मुहैया नहीं हो पाती।
शिकायत पुस्तिका गायब
मानकों पर गौर करें तो हर पेट्रोल पंप पर शिकायत पेटिका या पुस्तिका होने का प्रावधान है। साथ ही कंपनी के अधिकारियों के नंबर भी होने चाहिए, लेकिन जिले के अधिकतर पेट्रोल पंप पर यह सुविधा नहीं है।