रवि के शव को अंतिम संस्कार के लिये ले जाते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
गांधीपार्क क्षेत्र के नौरंगाबाद नटवाली गली में पुलिस दबिश के दौरान रविवार रात युवक की मौत के बाद सोमवार को पूरा इलाका छावनी बना रहा। इस दौरान पोस्टमार्टम केंद्र पर भारी भीड़ जमी रही और पोस्टमार्टम में देरी को लेकर काफी देर तक हंगामा-नारेबाजी हुई। साथ में नौकरी व मुआवजे की मांग भी उठी।
यहां उचित आश्वासन के बाद पब्लिक शांत हुई और फिर शव शमशान जाते समय हंगामा व जाम लगाने का प्रयास किया। मगर किसी तरह पुलिस ने समझाकर शांत किया और देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कराया गया। इस पूरे मामले में एसएसपी ने जांच एसपी ट्रैफिक को सौंपी है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। इधर, पोस्टमार्टम में किसी तरह की चोट उजागर नहीं आई है और हार्ड अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।
नौरंगाबाद नट वाली गली निवासी 25 वर्षीय रवि कुमार पुत्र राजू की रविवार को मौत हो गई थी। पत्नी का आरोप है कि पुलिस दबिश के दौरान की गई पिटाई से उसकी मौत हुई है। इसके विरोध में रात को ही लोगों ने जाम लगाकर हंगामा किया था। रात से ही परिवार नौकरी, मुआवजा व पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की जा रही है। इधर, सोमवार सुबह से ही इलाके में पीएसी व कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्टअटैक आया है। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि परिवार के आरोपों को लेकर एसपी यातायात को जांच सौंपी गई है। वे जल्द से जल्द इस मामले में जांच रिपोर्ट देंगे, उसके अनुसार पुलिसकर्मियों का जो भी दोष तय होगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मुआवजे पर शासन से निर्णय लिया जाएगा।