ज्वैलर्स से एक सप्ताह पूर्व दादों-हुसैनपुर मार्ग पर हुई लूट के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से नकदी और तमंचा-कारतूस भी बरामद किए हैं।
थाना पुलिस ने बताया कि ज्वैलर्स से हुई लूट के दूसरे आरोपी को मुखबिर की सूचना पर बुधवार को सुबह हरदोई से आलमपुर चौराहे की तरफ नगला पापड़ी चौराहा से आरोपी देवेश उर्फ लुक्का निवासी धुर्रा प्रेमनगर थाना पालीमुकीमपुर को गिरफ्तार कर लिया, उसके कब्जे से लूट के 8300 रुपये, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एक बदमाश गौरव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
यह था मामला
ज्ञात रहे गांव रामनगर निवासी अजीत यादव कस्बा दादों में यादव ज्वैलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। बीते 28 जनवरी की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर वह कार से गांव लौट रहे थे। गांव हुसैनपुर के समीप घात लगाए कार सवार बदमाशों ने हाथ देकर उनकी कार रुकवा ली और शीशा तोड़कर तमंचे के बल पर दो बैग लूट लिए। इनमें कुछ जेवरात और दुकान की चाभी रखी थीं। भागते समय बदमाशों की कार करीब 100 मीटर दूर खेत में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में ले लिया था।