हैरीटेज इंटरनेशन स्कूल तालानगरी का वार्षिकोत्सव परंपरा 2016 धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीआईजी गोेविंद अग्रवाल, मुख्य नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, एसपी सिटी डॉ ब्रजेश कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे।
कार्यक्रम में सिने स्टार आर्य बब्बर और लिटिल चैंप में अपनी प्रतिभा दिखा चुके तन्मय चतुर्वेदी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। स्कूली बच्चों ने इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांध दिया। इसमें स्कूली बच्चों ने प्राचीन सांस्कृतिक विधाओं की मंच पर जीवित कर दिया ।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। डीआईजी ने बच्चों को आर्शीवचन दिया और स्कूल द्वारा दी जा रही प्रेरणादायक शिक्षा की सराहना की। कार्यक्रम में सिने स्टार आर्य बब्बर ने कहा कि जो शिक्षा हेरीटेज इंटरनेशनल में दी जा रही है, उससे यह तय है कि -असहिष्णुता- वाली भ्रांति पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और फिर से हैरीटेज के कार्यक्रम में आने की इच्छा जताई। बच्चों के कार्यक्रमों कोे भी उन्होंने जमकर सराहा। लिटिल चैंप 2008 में अपनी प्रतिभा दिखा चुके तन्मय चतुर्वेदी ने छनक-छनक तोेरी बाजे पायलिया सहित कई गीत गाए तो समारोह में मौजूद लोग झूम उठे।
इस मौके पर स्कूल के बच्चों ने शांति मंत्र, जुम्बा, हनुमान चालीसा, महारास आदि के अलावा सूफी अंदाज में बजरंगी भाईजान फिल्म की कव्वाली पेश की तो लोग मंत्रमुग्ध हो गए। ए मेरे वतन के लोग सहित कई देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर स्कूली बच्चों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में भी सराबोर कर दिया।
आर्ना के एकल नृत्य को भी बेहद सराहा गया।
स्कूल के सचिव डॉ राकेश नंदन ने अपने उद्बोधन में स्कूल की वर्तमान प्रगति के बारे में बताया। प्रधानाचार्य कैप्टन वेंकटेश ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। प्रधानाचार्य मौ.आसिप रूमी ने अतिथियों से मेधावी बच्चों को सम्मानित कराया। अंत में सभी ने वंदेमातरम गाया।