सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुलदीप राजपुरी ने कहा है कि प्रत्येक एएनएम को हर माह पांच प्रसव केस सीएचसी में लाने होंगे। ऐसा नहीं करने पर एएनएम का वेतन रोक दिया जाएगा। छह एएनएम को चेतावनी भी दी गई है।
चंडौस सीएचसी में 25 उप स्वास्थ केंद्र हैं, जहां एएनएम की ड्यूटी रहती है। इन सभी एएनएम को सीएचसी अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि सभी एएनएम हर महीने की 20 तारीख तक पांच प्रसव केस सीएचसी लेकर आएंगी। इसमें लापरवाही पर वेतन रोक दिया जाएगा। साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने पर छह एएनम नीमा राय, दुर्गेश देवी, सुमन देवी, सुधा व पूनम देवी को चेतावनी देते हुए 20 मई तक रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।
तीन दिन में बुजुर्गो के आयुष्मान कार्ड नहीं बने तो रुकेगा वेतन
क्षेत्र के 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को तीन दिन का समय दिया गया है। साथ ही छह सीएचओ को चेतावनी दी गई है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुलदीप राजपुरी ने क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 17 मई तक शत-प्रतिशत आयुुष्मान कार्ड बनाए जाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है सभी सीएचओ प्रत्येक ग्राम पंचायत में जाकर तीन दिन के अंदर हर हालत में 70 वर्ष से अधिक के बुुजुर्गों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवा लिए जाएं। ऐसा नहीं होने पर उनका वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने कार्य में लापरवाही पर छह सीएचओ गौतम गंभीर, गीता ठाकुर, सपना त्यागी, शान मोहम्मद और शेर सिंह को चेतावनी भी दी है।