प्रॉपर्टी डीलर मुकेश राघव उर्फ गुड्डू एक जून को साइट पर बैठे थे। इस दौरान कार सवारों ने उन पर हमला किया। सिर में ईंट लगने से मुकेश घायल हुए। बाद में दिल्ली में उनकी मृत्यु हो गई।
अलीगढ़ के गांधीपार्क क्षेत्र में सिंधौली के प्रॉपर्टी डीलर मुकेश राघव उर्फ गुड्डू की हत्या का मुद्दा लगातार तूल पकड़ रहा है। 15 जून को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने पहुंची भीड़ भड़क गई। आक्रोशितों ने गांधी पार्क थाने के सामने जाम लगाकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। एसएचओ के समझाने पर बीस मिनट बाद जाम खोल दिया।
विज्ञापन
गांव सिंधौली के प्रॉपर्टी डीलर मुकेश राघव उर्फ गुड्डू एक जून को साइट पर बैठे थे। इस दौरान कार सवारों ने उन पर हमला किया। सिर में ईंट लगने से मुकेश घायल हुए। बाद में दिल्ली में उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने विजय राघव उर्फ टोनी, ऋषि व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जिसमें से विजय राघव कोर्ट में हाजिर होकर जेल चला गया। अभी तक बाकी आरोपी नहीं पकड़े गए। इसी से लोगों में गुस्सा था। रविवार को परिजन दोपहर में थाने पहुंच गए। उस समय एसएचओ नहीं थे। अन्य पुलिसकर्मियों व दरोगाओं से बातचीत में वे संतुष्ट नहीं हुए तो हंगामा करते हुए बाहर आ गए और जीटी रोड पर जाम लगा दिया, तब तक एसएचओ गांधीपार्क व एसओ महुआखेड़ा भी वहां आ गए।
परिवार के लोगों ने कहा कि एक नाम उन्होंने अज्ञात में बढ़ाने के लिए कहा था। उसे पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाकर छोड़ दिया। इस पर एसएचओ ने वीडियो कॉल पर मुकेश की पत्नी को हिरासत में दिखाया गया, तब परिजन शांत हुए। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि किस आरोपी की किस तरह की भूमिका रही है।