अलीगढ़ के छर्रा कस्बे में सब्जी लेने गई किशोरी को दो युवकों ने अगवा कर लिया और बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसे पेय पदार्थ में मिलाकर शराब भी पिलाई। विरोध करने पर उसके साथ हैवानियत की और उसके शरीर को नोचा और दांतों से काट डाला।
अलीगढ़ की छर्रा विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में हुए कथित दुष्कर्म मामले को लेकर 13 जुलाई को युवाओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। युवा नेता राजा भैया के नेतृत्व में युवा जिला मुख्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन एसीएम द्वितीय को सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
राजा भैया ने कहा कि इस घटना से पूरे क्षेत्र में रोष है और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को कठोर कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए, उनकी संपत्ति जब्त कर पीड़िता को सौंपी जाए और पीड़िता का इलाज जिला प्रशासन की निगरानी में निशुल्क कराया जाए।
ज्ञापन में पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता, मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, दोषियों को कठोरतम दंड (फांसी) दिलाने और पीड़िता का वीडियो वायरल कर परिवार की छवि धूमिल करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुजस्सिम गाज़ी, चेतन चौधरी, मोहम्मद साबिर, हर्ष बाल्यान, राहुल ठाकुर, सुहैल मसर्रत, शारिक ठाकुर, अंसार सिद्दीकी, सैयद सलमान अली, इरफान सैफी, अकरम ठाकुर, सादिक आदि मौजूद रहे।