जट्टारी के जरतौली मोड़ निवासी योगेश अग्रवाल उर्फ बबलू सोमवार शाम को कार लेकर गए थे। वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। घटना के बाद कार यमुना एक्सप्रेस वे पर मिलने व बबलू का पता नहीं चलने पर परिजनों व लोगो में भारी रोष हो गया।
इसी कारण बुधवार को कस्बा का बाजार भी बंद किया गया। घटना के लगभग 48 घंटे बाद टप्पल थाना पुलिस ने योगेश का शव बरामद किया। बीती शाम करीब आठ बजे उसका शव मिला। शव मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव पहुंचने पर भीड़ एकत्रित हो गई।
योगेश अग्रवाल उर्फ बबलू दो भाइयों व दो बहनों में सबसे बड़े थे। अपनी कार चला कर परिवार का पालन पोषण करते थे। छोटा भाई उमेश अग्रवाल उर्फ छोटू कस्बा के जरतौली मोड़ पर मेडिकल स्टोर संचालित करता हैं। योगेश के दोनों बेटे युगीत उम्र 19 वर्ष व चरित उर्फ चीनू उम्र 17 जरतौली मोड़ पर कॉस्मेटिक स्टोर संचालित करते हैं। दोनों बहन व छोटा भाई विवाहित है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि योगेश मिलनसार और शांत प्रवृति के व्यक्ति थे।