थाना पालीमुकीमपुर के गांव दूधमां में गांव के बाहर पार्क में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा बृहस्पतिवार की रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। शुक्रवार की सुबह लोगों की नजर पड़ी तो भीड़ लग गई। खबर पाकर बसपा और आजाद समाज पार्टी के नेता गांव पहुंच गए। ग्रामीणों के हंगामा करने की खबर पर सीओ छर्रा भी पहुंच गए। उन्होंने समझाकर लोगों को शांत कराया।
मामले में ग्रामीण ओमप्रकाश और दिलीप चंद की ओर से अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई, जिस पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है। उधर पुलिस ने आगरा से नई मूर्ति मंगवाई है, जिसे रात में ही लगाने की बात कही गई।
पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम भी गांव पहुंच गई। मूर्ति के क्षतिग्रस्त हिस्से में जांच कर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। सीओ छर्रा महेश कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर बसपा नेता बच्चू सिंह एडवोकेट, पवन कुमार आजाद जिलाध्यक्ष आजाद समाज पार्टी, करमचंद, ओमप्रकाश, राकेश कुमार, मुकेश निराला, लोकेश कुमार, प्रमोद गौतम, कृष्णप्रसाद बौद्ध, एनएस गौड़ आदि गांव पहुंच गए थे।