अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (अमुटा) के चुनाव को लेकर चली आ रही रार थमने का नाम नहीं ले रही है। चुनाव होंगे या नहीं इसको लेकर अब 13 सितंबर को अमुटा सामान्य सभा (जनरल बॉडी) की बैठक प्रस्तावित की गई है, जिसमें तकरार होने की संभावना है। इसी दौरान नामित किए गए चुनाव अधिकारी प्रोफेसर मुजाहिद बेग ने छात्र कल्याण के डीन पद के रूप में मिलने वाली सुविधाओं में वाहन और सुरक्षा वापस कर दी है। इस मामले में प्रोफेसर मुजाहिद बेग से जानकारी करनी चाही, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जिसको लेकर चरचाएं हैं। यह भी संकेत मिले हैं कि 15 सितंबर को शायद ही मतदान हो, क्योंकि न तो मतदाताओं की सूची प्रदर्शित की गई है और न ही नए मतदाता बनाए गए हैं।
31 अगस्त में अमुटा की ओर से डीन छात्र कल्याण प्रोफेसर मुजाहिद बेग को मुख्य चुनाव अधिकारी नामित किया था। उन्होंने तीन सितंबर से लेकर 15 सितंबर तक चुनाव प्रक्रिया निर्धारित की थी। जिसमें तीन सितंबर को मतदाताओं की सूची प्रदर्शित की जानी थी। पांच सितंबर को नए मतदाता, छह सितंबर को संशोधित सूची प्रकाशित होनी थी। सात को अध्यक्ष सहित सभी पदों पर नामांकन होना था, लेकिन अभी तक चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत ही नहीं हुई है। ऐसे में चुनाव टलने की पूरी उम्मीद हैं ।संकेत मिले हैं कि अमुवि इंतजमिया चुनाव कराने के मूड में नहीं है, जबकि अमुटा का इंतजामिया से कोई लेना देना नहीं है। चुनाव कराने या न कराने का निर्णय अमुटा सामान्य सभा की बैठक में लिया जाता है। चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने कहा कि विश्वविद्यालय में लोकतंत्र का दम घुट रहा है। चुनाव को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हो सकी है।