लखनऊ के लेवाना होटल अग्निकांड के बाद जांच की जद में आई जिले की बहुमंजिला इमारतों का सर्वे पूरा हो गया है। जिले में सिर्फ आठ होटल और 83 हॉस्पिटल ऐसे हैं, जिनके पास अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) है। बाकी किसी के पास एनओसी नहीं है। हालांकि, रविवार को जिले के होटल संचालकों ने अग्निशमन विभाग के साथ बैठक कर एनओसी के लिए समय मांगा है, मगर इस पर कोई सहमति नहीं बनी है। अग्निशमन विभाग द्वारा सोमवार को सर्वे के आधार पर बिना एनओसी संचालित भवनों की सूची जिला प्रशासन को कार्रवाई की संस्तुति के लिए सौंपी जाएगी।
428 भवनों को हाल ही में भेजे गए नोटिस
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) से नक्शा पास कराने व निर्माण को लेकर किसी का ध्यान अग्निशमन विभाग के मानकों की तरफ नहीं रहता। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही ये नियम याद आते हैं। तब तक इतनी देर हो जाती है कि भवन में मानकों को पूरा करना संभव नहीं हो पाता है। कई भवनों में तो एक ही प्रवेश व निकास द्वार है। हादसा होने की स्थिति में लोगों के सुरक्षित निकलने तक की व्यवस्था नहीं होती है। अग्निशमन विभाग ने ऐसे ही करीब 428 भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर मानकों को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
हाल ही जिले भर में वाणिज्यिक भवनों सहित 15 मीटर से ऊंचे बहुमंजिला भवनों की जांच की गई है। 87 बहुमंजिला भवनों में से सिर्फ 8 के पास एनओसी है। इनमें से 40 अभी निर्माणाधीन हैं। इसी तरह 42 होटलों में से 8, 483 हॉस्पिटलों में से 83, 4000 स्कूलों में से 400 के पास एनओसी है। यह सूची सोमवार को कार्रवाई की संस्तुति सहित जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी।
- विवेक शर्मा, सीएफओ
होटल संचालक मांग रहे समय
रविवार को होटल संचालकों ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। इस बैठक में उन्होंने एनओसी के लिए समय मांगा है। हालांकि देर शाम तक समय देने पर किसी तरह की सहमति नहीं बनी थी। अब देखना यह होगा कि विभाग की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन स्तर से क्या निर्णय लिया जाता है या फिर पहले की तरह खेल ऐसे ही कागजों पर चलता रहेगा।
ये है ताजा तस्वीर
- 42 में से आठ होटलों के पास एनओसी
- 183 में से 83 हॉस्पिटलों के पास एनओसी
- 4000 में से 400 स्कूलों के पास एनओसी
- 87 में से आठ ऊंची इमारतों के पास एनओसी