अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (अमुटा) की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए एक मात्र प्रत्याशी के रूप में प्रोफेसर चांदनी बी ने नामांकन किया है। इससे उनका निर्विरोध निर्वाचन होना तय हो गया है। हालांकि पूर्व में चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सात सितंबर को नामांकन होना प्रस्तावित था। लेकिन सोमवार को अचानक चुनावी प्रक्रिया में फेरबदल कर दिया गया।
अध्यक्ष पद के लिए प्रो. निसार अहमद खान, प्रो. चांदनी बी, सचिव पद के लिए डॉ. ओबैद अहमद सिद्दीकी, डॉ. अशरफ मतीन व संयुक्त सचिव पद के लिए डॉ. साद बिन जावेद, डॉ. जमील अहमद को चुनाव लड़ रहे थे। इसी बीच नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई, लेकिन प्रो. निसार अहमद के शहर से बाहर होने के चलते वह नामांकन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। अध्यक्ष पद पर केवल प्रो. चांदनी बी ने नामांकन किया है। ऐसे में उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए चुनाव होगा। 15 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव में 1500 से अधिक शिक्षक अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। हालांकि, मंगलवार को शिक्षक संघ की जनरल बॉडी की मीटिंग भी होगी। 20 शिक्षको की सहमति के बाद मीटिंग करने पर सहमति बनी। मीटिंग में चुनाव की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। देररात तक चुनाव प्रक्रिया चलती रही।