अलबरकात पब्लिक स्कूल में हुई जहीर अख्तर रिजवी (गामा भाई) मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पैनल्टी शूट आउट में अलबरकात पब्लिक स्कूल को 5-4 से हराकर सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी एएमयू की टीम विजेता रही।
दोनों टीमों की बीच काफी रोमांचित मुकाबला हुआ। अंतिम गोल से हारने पर अलबरकात के विद्यार्थी मायूस हो गए। मुख्य अतिथि ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर ट्राफी बांटी। इससे पहले पूरे मैच में दर्शकों का उत्साह सर चढ़कर बोला। छात्र-छात्राओं ने अपनी टीम के उत्साह बढ़ाने के लिए नारे लगाकर हूटिंग भी की।
समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसएसपी आकाश कुलहरि ने कहा कि दोनों ही टीमों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। हार जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेना होता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंची स्वास्तिराव कुलहरि ने कहा कि आज के इस दौर में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी बहुत महत्व है। जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी एवं कोच शाहिद हकीम साहब ने कहा कि खेलों से प्रत्येक खिलाड़ी के मन में खेल भावना का विकास होता है। एक अच्छा खिलाड़ी एक अच्छा अनुशासक बनता है। एएमयू के डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजूकेशन मानद अतिथि प्रोफेसर शाह फजल ने कहा कि अलबरकात भी सर सैयद अहमद खां के मिशन को लेकर आगे बढ़ रहा है। दोनों ही टीमें अच्छे प्रदर्शन के चलते बधाई की पात्र हैं। विद्यालय प्रशासन तथा मुख्य अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र शील्ड बांटी।
ये रहे मौजूद
डॉ. अहमद मुजतबा सिद्दीकी, प्रधानाचार्या सबीहा खान, वसीम अहमद, सफीउर्रहमान, शाह मुहम्मद राशिद, असलम खान सूरी, उप प्रधानाचार्या ताहिरा हुसैन, प्रधानाध्यापिका तबस्सुम सकलैन, डॉ. समीना फाजली, ताब अनवर आदि मौजूद रहे।
अल बरकात पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रोफेसर अखतर रिज़वी मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट मे?- फोटो : CITY OFFICE