न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के नदीम तरीन हॉल में बीते बुधवार की रात क्रिकेट मैच के दौरान दो छात्रों के बीच हुई मारपीट की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट इंतजामिया को सौंपेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मारपीट को हिंसक माना है।
छात्र साजिद को बल्ला मारने वाले आरोपी छात्र शोभित को निलंबित कर दिया गया है। बीटेक के छात्र शोभित ने कश्मीर के रहने वाले छात्र साजिद के सिर में क्रिकेट मैच के दौरान बल्ला मार दिया था, जिससे उनका सिर फट गया था। फिलहाल वह जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। शोभित को जेल भेजा चुका है।
जांच समिति के संयोजक प्रो. हशमत अली खान, सदस्य प्रो. अरशद हुसैन खान और अजय बिसारिया से पांच दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर प्रो. वसीम अली ने बताया कि छात्र साजिद के साथ मारपीट करने वाले छात्र शोभित को निलंबित किया गया है। जांच समिति हर बिंदु की जांच-पड़ताल कर रही है।
इधर, प्रकरण में शोभित के पिता की पैरवी और एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह की सिफारिश के बाद शोभित पक्ष से भी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। साजिद पक्ष से पहले ही रिपोर्ट हो चुकी है। पुलिस भी मामले की विवेचना कर रही है।