शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राएं व शिक्षक
- फोटो : संवाद
एएमयू पूछे एक सवाल.. कौन दलाल कौन दलाल
सचिव पद का चुनाव हारने वाले मो. अहमद फराज रिजवी ने माइक संभालने के बाद विवि इंतजामिया, प्रोवोस्ट, प्रोफेसर और हॉल की अव्यवस्थाओं पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने छात्र संघ चुनाव के दौरान गूंजे एक नारे एएमयू पूछे एक सवाल.. कौन दलाल-कौन दलाल का नारा लगवा कर कई मुद्दों पर सीधा प्रहार किया। बोले-इस सवाल का जवाब यह है...जो मेडिकल स्टोर की दवाओं में दलाली खाए वो दलाल, हबीब हॉल को कर्ज में डूबोने वाला दलाल, पैसे लेकर नौकरी दिलवाने वाले दलाल, जातिवाद और परिवारवाद फैलाने वाले दलाल..। उनकी इस तकरीर ने छात्रों में जोश भर दिया। उन्होंने सर सैयद डे पर छात्रों से लिए गए 700 रुपये के चंदे पर भी कटाक्ष किया। कहा कि एक छात्र 700 रुपये का बकरा कैसे खा सकता है। विवि की बढ़ी हुई फीस पर भी आवाज बुलंद की।
शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राएं व शिक्षक
- फोटो : संवाद
समारोह में हंगामा, रघुराज सिंह के खिलाफ दी तहरीर
एएमयू छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में उस समय हंगामा हो गया, जब अध्यक्ष पद एएमयू और जामिया पर के प्रत्याशी रहे असमर फरीदी मंच पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेता रघुराज सिंह के एएमयू और जामिया मिल्लिया इस्लामिया को लेकर दिए गए विवादित बयानों पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती समारोह आगे नहीं बढ़ने देंगे। अपने साथ दो तहरीर लेकर पहुंचे असमर ने कहा कि एक अध्यक्ष नोमान और दूसरी कुलपति प्रो. नईमा खातून को सौंपेंगे।
इस पर सभी एकजुट हो गए। पूरा समारोह तालियों से गूंज उठा। करीब आधे घंटे तक कार्यक्रम रुका रहा। इस पर प्रॉक्टर मोहम्मद नफीस अंसारी ने तहरीर सिविल लाइंस थाने भिजवाई। वहां से प्राप्ति मिलने के बाद ही असमर ने अपना संबोधन पूरा किया।
वीमेंस कॉलेज का शपथ ग्रहण 17 को
वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन का शपथ ग्रहण समारोह 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस यूनियन में अनम रियाज अध्यक्ष, आयशा खान उपाध्यक्ष और मरियम जान मानद सचिव चुनी गई हैं। कुल 11 पदाधिकारियों का चयन हुआ है।
हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन के लिए धरने का ऐलान
एएमयू छात्र संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नोमान अशरफ ने कहा है कि हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन विवि की निजी संपत्ति है। यह जमीन दशकों से विवि के पास है, इसीलिए यहां हॉर्स राइडिंग क्लब की स्थापना हुई थी। इस पर नगर निगम का मालिकाना हक कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह अपने वादे पर कायम है, जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि शपथ ग्रहण समारोह के 48 घंटे बाद वह इस मुद्दे को लेकर धरने पर बैठेंगे। वह इसके लिए तैयार हैं। सोमवार को दोपहर तीन बजे से वह इस पर आगे कदम बढ़ाएंगे। सभी छात्रों की सहमति के साथ धरना शुरू करेंगे।
अध्यक्ष शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अल्लाह का फरमान है कि मजलूमों का साथ दो और अत्याचार करने वालों का विरोध करें। वह ईरान, सूडान और फिलीस्तीन के मुद्दे पर हर एक मजलूम के साथ है। उन्होंने भाजपा नेता रघुराज के विवादित बयान को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया। कहा कि देश के पीएम मोदी एएमयू को मिनी इंडिया कहते हैं, यहां की संस्कृति की प्रशंसा करते हैं। वहीं उन्हीं की पार्टी के छोटे नेता इस तरह की बयानबाजी कर देश की छवि खराब कर रहे हैं। रघुराज सिंह को अपने बुजुर्गों से कुछ सीखना चाहिए। उन्होंने छात्रों से कहा कि वह भी इस मामले को ज्यादा तूल न दें। अध्यक्ष ने एकेडमिक मामलों में हो रही हीलाहवाली पर भी इंतजामिया से सुधार करने के लिए कहा।
सचिव मो. हमदान ने भी हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन और अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी। समारोह में शामिल विवि की कुलपति प्रो. नईमा खातून ने कहा कि वह छात्रों के मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही हैं। जल्द ही इसके परिणाम भी सामने आएंगे। किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंतजामिया छात्र संघ की जायज मांगों पर कार्रवाई करेगा।