अलीगढ़। मुजफ्फरनगर दंगा के आरोपी और बिजनौर से भाजपा सांसद कुंवर भारतेंद्र को लेकर रविवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय परिसर में काफी गहमागहमी रही। उनके एएमयू कोर्ट मिटिंग में शरीक होने के लिए आने की खबर के साथ विश्वविद्यालय के छात्र उन्हें देर शाम तक ढूंढते रहे। इस दौरान छात्रों ने भाजपा सांसद सतीश गौतम एवं राजवीर सिंह
राजू भैया की गाड़ियाें में ताक-झांक भी की। संयोग रहा कि सांसद कुंवर भारतेंद्र इस बार भी कोर्ट मिटिंग में शामिल होने यहां नहीं पहुंचे।
रविवार को एएमयू कोर्ट की विशेष बैठक एनआरएससी क्लब में हुई। अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम एवं एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के अलावा बिजनौर सांसद कुंवर भारतेंद्र भी एएमयू कोर्ट के सदस्य हैं। लोकसभा कोटे से मौजूदा सरकार द्वारा कुंवर भारतेंद्र को कोर्ट सदस्य बनाए जाने के बाद से एएमयू छात्र निरंतर उनका विरोध कर रहे हैं। छात्राें का कहना है कि चूंकि वह मुजफ्फरनगर दंगा के आरोपी हैं। इसलिए उन्हें किसी भी कीमत पर एएमयू में घुसने नहीं दिया जाएगा।
रविवार को जब सांसद सतीश गौतम एवं राजवीर सिंह राजू भैया अपने समर्थकों के साथ कोर्र्ट बैठक में शामिल होने एएमयू पहुंचते तो छात्रों ने भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर न सिर्फ उनकी गाड़ियों को रोका, यह जानने के लिए कि उसमें कुंवर भारतेंद्र बैठे हैैं अथवा नहीं, उसमें ताक झांक भी की। आश्वस्त होने के बाद कि वह इन गाड़ियों में नहीं हैं, छात्र नेता वहां से हटे।
इस घटना से एएमयू में अफरा-तफरी जैसी हालत पैदा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर एसपी सिटी, सीओ एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उनके आने के बाद ही शहजाद आलम बर्नी, छात्र संघ के पूर्व सचिव शाहजेब आशू, अमीर मिंटो आदि छात्र नेता वहां से हटे। दूसरी तरफ, छात्र काफी देर तक एनआरएसएस हाल के आसपास भी मंडराते रहे। यही नहीं, जब एक कार्यक्रम के सिलसिले में सांसद सतीश गौतम सड़क पर कुछ समय को बातचीत के लिए रुके तो बुलेट एवं अन्य वाहनों पर सवार छात्र नेता वहां भी पहुंच गए।
उल्लेखनीय है कि पिछली बार भी कोर्ट मिटिंग के दौरान ऐसा ही नजारा देखने को मिला था। छात्रों ने सांसद सतीश गौतम, राजू भैया एवं भोला सिंह आदि के वाहनों को चेक किया था कि कहीं इसमें कुंवर भारतेंद्र तो नहीं बैठे हैं। छात्रों के विरोधी तेवर के चलते ही कोर्ट सदस्य बनने के बाद आज तक कुंवर भारतेंद्र कोर्ट बैठक में एक बार भी शामिल नहीं हुए हैं।