एनआरसी,एनपीआर,सीएए के विरोध में जाम लगाकर प्रदर्शन करते एएमयू छात्र
- फोटो : CITY OFFICE
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शाहजमाल ईदगाह पर चल रहा धरना भी 30वें दिन जारी रहा। पुरानी चुंगी स्थित एएमयू गेट पर भी धरना जारी रहा। यहां नोकझोंक के बावजूद पुलिस ने शामियाना नहीं लगने दिया। शाम को प्रदर्शनकारियों ने यहां भी मुरादाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया और वहीं नमाज भी पढ़ी। इधर, अब शहर में बाजार खुलने लगे है। मुस्लिम बहुल बाजार में भी दुकानें खुलना शुरू हो गई हैं। मगर तनाव के चलते रौनक नहीं लौट रही है। शाम को एडीजी आगरा जोन अजय आनंद के नेतृत्व में पुलिस प्रशासनिक टीम ने धर्म गुरुओं के साथ पुराने शहर में शांति सद्भाव मार्च निकाला। वहीं इंटरनेट पर लगी रोक की अवधि बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक के लिए बढ़ा दी गई है।
रविवार को ऊपरकोट और सोमवार तड़के जमालपुर में हुए उपद्रव के बाद सोमवार दोपहर तीन बजे से जीवनगढ़ पुलिया स्थित बाईपास पर महिलाएं जाम-धरना लगाए बैठी हैं। इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है और ऊपर तंबू तक तान दिया गया है। इस दौरान माइक से लगातार कुछ महिलाएं संबोधित करती रहती हैं और नारेबाजी भी होती रही। एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लग रहे हैं, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। इन्हें समझाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को दो बार शांति समिति की बैठक भी की गई, मगर यह बात निकलकर आई कि स्थानीय लोग इस जाम को हटवाना चाहते हैं, मगर यहां बाहरी आ गए हैं जो हटने नहीं दे रहे।
एसीएम ने बताया कि इस तरह की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि धरना से चंद दूरी पर क्वार्सी चौराहे पर बृहस्पतिवार-रविवार को लगने वाली पैंठ फिलहाल न लगाने का आदेश दिया गया है। इधर, शाहजमाल पर धरना बुधवार को 30वें दिन जारी रहा। यहां दोपहर में दो युवक पर्चे बांटने आए। इस हरकत पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी की तो वह भाग खड़े हुए। बाद में बांटे गए पर्चे जब्त कर लिए गए हैं। पुरानी चुंगी पर धरना जारी है। यहां बुधवार को शामियाना लगाने की कोशिश पुलिस द्वारा नाकाम कर दी गई। वहीं शाम को पुरानी चुंगी के प्रदर्शनकारियों की संख्या एकाएक बढ़ गई और उन्होंने मुरादाबाद हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक उन्हें समझाने का प्रयास जारी था। इधर, पुराने शहर में दिन भर तैरती अफवाहों और जबरदस्त तनाव को कम करने के उद्देश्य से शाम को एडीजी जोन अजय आनंद, डीआईजी रेंज डॉ. प्रीतिंदर सिंह, डीएम-एसएसपी व धर्मगुरुओं के साथ पुलिस बल ने शांति सद्भाव मार्च निकाला। इससे पहले ऊपरकोट कोतवाली में शांति समिति की बैठक हुई। इसके बाद यह मार्च शुरू हुआ। जो पुराने शहर के विभिन्न इलाकों में घूमा। लोगों से अमन व संयम की अपील की गई। डीएम ने इंटरनेट सेवाओं पर बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक के लिए पाबंदी और बढ़ा दी है।
-शहर में हालात लगातार सामान्य हो रहे हैं। शाहजमाल धरने के अलावा जीवनगढ़ व पुरानी चुंगी पर जाम पर बराबर नजर बनी हुई है। लोगों को समझाने का प्रयास जारी है। बवालियों पर कार्रवाई का क्रम भी जारी है। जीवनगढ़ में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
-चंद्रभूषण सिंह डीएम