एएमयू में तिरंगा यात्रा के दौरान एक निजी टीवी चैनल की गाड़ी का तोड़ा गया शीशा।
- फोटो : CITY OFFICE
एएमयू में सोमवार को जेएनयू में हुई छात्रों से मारपीट की घटना के विरोध में निकाली गई तिरंगा यात्रा और सभा शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गई। इसके बाद वापस लौटते हुए कुछ छात्राओं और एक निजी टीवी चैनल की एंकर के बीच हुई नोकझोंक के बाद छात्रों का आक्रोश भड़क गया। गुस्साए छात्रों ने टीवी चैनल की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। बाद में सीनियर छात्रों और छात्र नेताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
दिल्ली से एक गाड़ी में निजी टीवी चैनल की एंकर तिरंगा यात्रा को कवर करने आई थीं। कार्यक्रम के बाद वह अपनी गाड़ी से बाब ए सैयद से यूनिवर्सिटी सर्किल की ओर आ रही थीं। इस दौरान कुछ छात्राएं वहां से गुजरीं और गोदी मीडिया, गोदी मीडिया करके कमेंट करने लगीं। इस पर एंकर छात्राओं से उलझ गईं। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। वहां पर कुछ छात्र पहुंच गए। छात्रों ने गाड़ी पर आर लिखा देखा तो और भड़क गए। आरोप लगाया कि गाड़ी में बैठा ड्राइवर छात्राओं की मोबाइल से फोटो ले रहा था। इस बीच हुई हाथापाई के बीच कुछ लोगों ने गाड़ी के शीशे थपथपाना शुरू किया और आगे वाला शीशा तोड़ दिया।
मामला बढ़ता देख एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष सैयद माजिन जैदी व अन्य कुछ वरिष्ठ छात्र नेता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझा कर और हस्तक्षेप कर मामले को शांत किया। साथ ही गाड़ी को वहां से सुरक्षित रवाना किया। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंकर से कहा कि अगर वह किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई चाहती हैं तो लिखित में तहरीर दे सकती हैं। लेकिन इस प्रकरण में कोई तहरीर नहीं दी गई।
निजी टीवी चैनल की एंकर ऐश्वर्य ने लिखित में दिया है कि वह अपने साथ हुई घटना में किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं चाहती हैं। इसके बाद हमने उनको जाने दिया है
- अनिल समानिया, सीओ तृतीय