अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्वीमिंग पूल में स्वीमिंग करने गया बीएससी का छात्र पूल में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उपचार के लिए उसे जेएन मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पश्चिम बंगाल निवासी बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र मो. सुहैल अख्तर दोदपुर में रहता है। उसने हॉस्टल के लिए आवेदन किया है। सुहैल सोमवार को विश्वविद्यालय के स्वीमिंग पूल में स्वीमिंग करने गया था। करीब तीन साल पहले पांच करोड़ की लागत से स्वीमिंग पुल का निर्माण हुआ था। स्वीमिंग पूल के कर्मचारियों का कहना है कि छात्र अचानक तीन फीट वाले पूल में गिर गया। कैसे गिरा, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। वहां मौजूद छात्रों ने सुहैल को पूल से बाहर निकाला। प्रॉक्टर ऑफिस की एंबुलेंस से सुहैल को आनन-फानन में जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा है।
चिकित्सक कार्डियक अरेस्ट की वजह से पूल में गिरने की भी आशंका जता रहे हैं। जेएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर के सीएमओ इंचार्ज डॉ. नरेश ने बताया कि छात्र की हालत चिंताजनक है। उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखकर उपचार चल रहा है। बेहतर उपचार के लिए छात्र को दिल्ली भी रेफर किया जा सकता है। एएमयू प्रवक्ता प्रो. शाफे किदवई ने गेम्स कमेटी के सचिव प्रो. अमजद अली रिजवी के हवाले से बताया कि यह एक दुर्घटना है।