जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला करने वाले आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में ट्विटर पर ट्वीट करने वाला एएमयू का छात्र बसीम हिलाल नोएडा से भी फरार हो गया है। पुलिस अब उसके कश्मीर पहुंचने की आशंका जाहिर कर रही है। हालांकि नोएडा में उसकी तलाश में अभी कई स्थानों पर दबिश जारी है।
हमले के तुरंत बाद आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में ट्विटर ‘हाउज द जोश, ग्रेट सर’ लिखने वाले एएमयू के गणित विभाग के छात्र बसीम हिलाल के खिलाफ पुलिस ने 13 फरवारी को मुकदमा दर्ज किया था। उसके बाद से ही छात्र की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इधर, ट्वीट के बाद से छात्र फरार है। एसएसपी आकाश कुलहरि के अनुसार मंगलवार को पुलिस को उसकी लोकेशन नोएडा में मिली थी। इसके बाद जनपद से एक पुलिस टीम को उसे पकड़ने के लिए रवाना किया गया। मगर, वह हाथ आने से पहले ही वहां से फरार हो गया। फिलहाल नोएडा में ही अन्य स्थानों पर छापामारी कर उसकी तलाश की जा रही है। छात्र के अपने गृह प्रदेश जम्मू कश्मीर भागने की भी आशंका जाहिर की जा रही है। एसएसपी आकाश कुलहरि के अनुसार हिलाल की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कहीं दूसरा मन्नान वानी न साबित हो बसीम हिलाल
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में किसी छात्र के आतंकी संगठन के समर्थन में जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एएमयू का एक छात्र मन्नान वानी आतंकी गतिविधियों में संलिप्त पाया गया था। उसे सेना ने कश्मीर में गोलीबारी में ढेर किया था। इसके बाद अचानक से एएमयू के ही छात्र बसीम हिलाल के आतंकी संगठन जैश के समर्थन में आने से खुफिया तंत्र से लेकर पुलिस-प्रशासन तक की नींद उड़ गई है। 12 फरवरी के बाद से वह फरार है। अब पुलिस उसके कश्मीर भागने की भी आशंका जाहिर कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया तंत्र उसके जैश से संबंध तलाशने में जुटा है। उसके साथ ही पढ़ने वाले एएमयू के गणित विभाग के छात्र भी इस बात से सकते में हैं। एएमयू में एक बार फिर से यह चर्चा उठने लगी है कि वह कहीं दूसरा मन्नान वानी न साबित हो।