अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन की अध्यक्ष रहीं नायला सईद अब कनाडा में एमएलए का चुनाव लड़ रही हैं। वह पूर्व मंत्री सईदुज्जमा की बेटी हैं। कनाडा में रह रहे यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र-छात्राएं उनके समर्थन में उतर आई हैं। वर्तमान में वह नॉर्थ अमेरिका की एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन की सचिव हैं।
कनाडा के ऑरोरा ओक रिजेस-रिचमंड हिल चुनाव क्षेत्र से नायला किस्मत आजमा रही हैं। वहां 27 फरवरी को मतदान होगा। नायला को जिताने के लिए उनके समर्थन के लिए कनाडा में अपने सगे-संबंधियों को भारत में रह रहे लोग फोन कर रहे हैं।
मुज्जफरनगर के पुरकाजी की रहने वालीं नायला सईद वर्ष 1994-95 में वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ की अध्यक्ष रहीं हैं। वह एनएसएस की प्रभारी भी रहीं हैं। यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र व अमूबा लखनऊ के अध्यक्ष एसएम शोएब ने बताया कि एएमयू ओल्ड ब्वॉयज एसोसिएशन लखनऊ की सचिव शहला हक की बड़ी बहन नायला की शादी 1997 में ईं. असद आलम से हुई थी। इसके बाद वह पति के साथ कनाडा चली गईं। वह वर्ष 2013-2017 तक एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन कनाडा की अध्यक्ष रहीं हैं।