फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एएमयू से उठी चिंगारी की चपेट में आया शहर, जगह-जगह बवाल, प्रदर्शन

विज्ञापन
जमालपुर ईदगाह पर विरोध प्रदर्शन करतेा लोग । - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
- शहर में कई जगह एएमयू छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन, फोर्स ने लाठी फटकार खदेड़ा, पथराव भी हुआ
विज्ञापन

- मुस्लिम बहुल इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह से ही पूरी तरह बंद रखे गए
- शहर विधायक के कार्यालय पर नारेबाजी, पान वाली कोठी पर किया प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में रविवार रात एएमयू में हुए बवाल की चिंगारी की चपेट में पूरा शहर आ गया है। सोमवार को सुबह से ही शहर के सभी मुस्लिम बहुल इलाकों में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रों के समर्थन में लोग एकत्रित होकर नारेबाजी करने लगे और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर एएमयू कूच का ऐलान कर दिया। इन खबरों से शहर भर में तनाव फैल गया और हरकत में आए पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह बैरीकेडिंग लगाकर भीड़ को रोका तो प्रदर्शन शुरू हो गए। कुछ जगह फोर्स को लाठियां फटकारकर भीड़ खदेड़नी पड़ी। भीड़ द्वारा ईंट पत्थर भी फेंके गए। लोगों ने शहर सीट से भाजपा विधायक संजीव राजा के कार्यालय पर नारेबाजी की। दूसरी ओर एएमयू कैंपस खाली कराकर छात्रों कोे घर वापस भेजा जा रहा है।
देर शाम तक शहर के कई मुस्लिम बहुल इलाकों में भीड़ जमा थी। लोग एएमयू से फोर्स हटाने, रात बवाल में गिरफ्तार किए गए छात्रों/ युवकों को रिहा करने की मांग कर रहे थे। देर रात गिरफ्तारों की रिहाई की मांग मान ली गई थी, जिसके बाद प्रदर्शन थमने लगे थे। वहीं एएमयू को जाने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
विज्ञापन

एएमयू में रविवार रात को हुए बवाल की खबर सोमवार सुबह जैसे ही लोगों तक पहुंची तो शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों शाहजमाल, मेडिकल रोड, दोदपुर और जमालपुर में लोग एकत्रित हो गए और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर दिए। इसी बीच रसलगंज, ऊपरकोट, भुजपुरा, रोरावर, खैर रोड पर भी यही हालात बन गए। कुछ ही देर में इन इलाकों से खबरें आने लगीं कि लोग एएमयू कूच का ऐलान करते हुए जुलूस की शक्ल में एएमयू की तरफ बढ़ रहे हैं। इन खबरों पर हरकत में आई पुलिस प्रशासनिक पार्टियों ने टुकड़ों में बंटकर रोक-टोक शुरू कर दी। एएमयू को आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरीकेडिंग लगवाकर फोर्स को तैनात कर दिया गया। जो जुलूस जहां था, उसे वहीं रोका गया।
इस दौरान शाहजमाल ईदगाह पर एकत्रित भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ीं, वहां पीएसी तैनात कर दी गई। इसी बीच पहुंचे डीएम चंद्रभूषण सिंह व एसएसपी आकाश कुलहरि ने लोगों को समझाया। साथ ही शहर मुफ्ती को बुलाकर उनसे आह्वान कराकर वहां लोगों को शांत कराया। मगर, लोग ईदगाह पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करने लगे। इसी बीच जमालपुर से भी इसी तरह की खबर आई, जहां लोग अनूपशहर रोड पर जाम लगाकर बैठ गए। पुलिस बल पर पथराव किया तो वहां लाठियां फटकारनी पड़ीं। वहां, डीएम-एसएसपी ने पहुंचकर मेयर को बुलाकर लोगों को शांत कराया तो जाम खोल दिया, मगर सड़क किनारे बैठकर हंगामा करने लगे।
इसी दौरान रसलगंज में प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला गया, जिसे पुलिस ने रुकवा दिया। ऊपरकोट पर भी जुलूस निकाल रहे लोगों को रोके जाने पर नोकझोंक के बीच लाठियां फटकारनी पड़ीं और विरोध में ईंट पत्थर फेंके गए। इधर, लोग दोदपुर से एकत्रित होकर पान वाली कोठी पर आ गए, जहां पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर वे लोग यहीं पर धरने पर बैठ गए। सभी जगह से गिरफ्तारों की रिहाई व एएमयू से फोर्स हटाने की मांग थी। इसी बीच शाम के समय शाहजमाल से एकत्रित हुईं महिलाएं जुलूस निकालकर ऊपरकोट पहुंच गईं, जहां उन्होंने कोतवाली का घेराव कर लिया। जिन्हें देर शाम समझाकर शांत किया गया। सभी जगहों पर लोगों को शाम आठ बजे तक हल निकाले जाने का आश्वासन दिया गया था और लोग जहां के तहां जमे हुए थे। देर रात डीएम-एसएसपी संग नेताओं की बैठक में सशर्त रिहाई तय होने और जमानत पर रिहा किए जाने की प्रक्रिया शुरू होने पर ही प्रदर्शन थमने लगे थे। इधर, जगह-जगह बाजार बंद होने और दुकानों पर सीएबी विरोधी नारे लिखे हुए पोस्टर लगे होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं फैल रही थीं और भीड़ व जुलूसों ने शहर में जबरदस्त तनाव के हालात पैदा कर रखा है।
पूरे शहर में कड़ी चौकसी
एएमयू में बवाल व शहर में तनाव को देखते हुए देर रात यहां पहुंचे एडीजी आगरा जोन अजय आनंद ने पूरे जोन से अतिरिक्त पुलिस बल यहां तैनात किया है। शहर में सेक्टर स्कीम लागू करते हुए शहर को 33 सेक्टरों में बांटा गया है। पूरे शहर में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। बेवजह लोगों के एकत्रित होने पर रोकटोक की जा रही है। रात में हुए बवाल में दो मुकदमे दर्ज कर 26 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
छात्रों की घरवापसी शुरू, इंटरनेट, स्कूल बुधवार तक बंद
एएमयू में अवकाश के बाद हॉस्टलों को खाली करने के नोटिस के बाद छात्रों का रवाना होना शुरू हो गया है। वहीं, शहर में इंटरनेट सेवाएं, सभी सरकारी व निजी स्कूल और डिश केबिल सेवाएं बुधवार तक के लिए बंद कर दी गई हैं।
- एएमयू में रात हुए घटनाक्रम में पुलिस अपने स्तर से ठोस कार्रवाई कर रही है। शहर में जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें भी समझाकर शांत किया जा रहा है। किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा और शहर में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

-डॉ. प्रीतिंदर सिंह डीआईजी रेंज

जमालपुर ईदगाह पर प्रदर्शन कर रहे लोगो को समझाते एसएसपी आकाश कुलहरि। - फोटो : CITY OFFICE

जमालपुर ईदगाह पर विरोध प्रदर्शन करते लोगो को रोकती पुलिस ।- फोटो : CITY OFFICE

ऊपरकोट में छात्रों और नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन करती महिलाएं।- फोटो : CITY OFFICE

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें