एएमयू के विधि संकाय में एलएलएम प्रथम और अंतिम वर्ष के छात्रों ने उपस्थिति की कथित गड़बड़ियों और परिणाम रोके जाने के विरोध में आंदोलन तेज कर दिया है। छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए छह जुलाई तक समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है।
छात्रों का आरोप है कि संबंधित शिक्षकों ने नियमित कक्षाएं नहीं लीं, लेकिन यूजीसी मानकों को पूरा दिखाने के लिए उपस्थिति अभिलेखों में हेराफेरी की गई। उनका कहना है कि पहले भी 20 और 27 जून को यूनिवर्सिटी प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
छात्रों ने स्वतंत्र जांच समिति गठित करने, दोषी शिक्षकों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। ज्ञापन की प्रति राष्ट्रपति, राज्यपाल, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, बार काउंसिल ऑफ इंडिया सहित अन्य संविधानिक संस्थाओं को भी भेजी गई हैं। ब्यूरो