कम उपस्थिति को आधार बनाकर रिजल्ट रोकने के मुद्दे पर एएमयू के विधि के छात्रों का प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। सुबह करीब आठ बजे विद्यार्थियों ने मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध जताया। उस समय परिसर में जनरल मीटिंग चल रही थी। गेट बंद होने से शिक्षक और कर्मचारी लगभग 11 घंटे तक अंदर ही फंसे रहे। शाम सात बजे प्रॉक्टोरियल टीम ने उन्हें निकाला।
छात्रों का आरोप है कि कम उपस्थिति के आधार पर परीक्षा परिणाम रोकना अनुचित है। इससे उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है। छात्रों ने इसको लेकर ज्ञापन प्रॉक्टोरियल टीम को सौंपा। इसमें अंतिम वर्ष के परिणामों को वापस लेकर 25 अप्रैल तक पुनः घोषित करना, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उपस्थिति नियम समाप्त करना, किसी भी छात्र को उपस्थिति के आधार पर डिटेन न करना, सम सेमेस्टर की उपस्थिति को अमान्य घोषित करना शामिल है।
इसके अलावा प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर किसी प्रकार की कार्रवाई न करने और भेदभावपूर्ण रवैया न अपनाने की भी मांग की गई है। इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने बताया कि छात्रों ने गेट पर ताला जड़ दिया था, जिससे शिक्षक करीब 11 घंटे अंदर रहे। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि शून्य उपस्थिति की रियायत दी जाए, जो कभी नहीं हो सकता है।