भाजपा के बूथ सम्मेलन में बुधवार को अलीगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग को आरक्षण नहीं दिए जाने का मामला उठाया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यहां पर एएमयू है, जिसे केंद्र सरकार की ओर से प्रति वर्ष 150 से 300 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाता है। यह पैसा देश की जनता जो कर के रूप में अदा करती है, वह है। योगी ने कहा कि मैं सपा, बसपा और अन्य दलों से पूछता हूं कि आखिर क्यों एएमयू में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग को आरक्षण का लाभ नहीं मिलता, जबकि कोर्ट कह चुका है कि यह अल्पसंख्यक संस्थान नहीं है।
मतलब साफ है तुष्टिकरण का जो काम पिछली कांग्रेस सरकारों ने किया, सपा और बसपा उसी को ढोते रहे। इस बूथ सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, जेपी नड्डा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन, प्रदेश कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, संदीप सिंह, सांसद राजवीर सिंह राजू, सतीश गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नेता मौजूद थे।