एएमयू ने देशभर के विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के छात्रों के लिए अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू भाषा में ‘सर सैयद और सांस्कृतिक बहुलवाद’ विषय पर अखिल भारतीय निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है। पहले केवल अंग्रेजी भाषा में यह प्रतियोगिता होती थी। अब हिंदी और उर्दू भाषा को शामिल किया गया है।
एएमयू के जनसंपर्क अधिकारी उमर सलीम पीरजादा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी में ‘सर सैयद और सांस्कृतिक बहुलवाद’ और उर्दू में ‘सर सैयद और सकाफती तकसीरियत’ विषयों पर अपने निबंध लिख सकते हैं। प्रत्येक भाषा में तीन नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 25 हजार रुपये, दूसरा 15 हजार रुपये और तीसरा 10 हजार रुपये का होगा। विजेताओं को 17 अक्तूबर को सर सैयद दिवस स्मृति समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उमर सलीम ने कहा कि निबंध जनसंपर्क कार्यालय, एएमयू, अलीगढ़ में डाक द्वारा और एक कॉपी ईमेल द्वारा amuessaycompetition@gmail.com पर एक अक्तूबर 2022 तक भेजनी है। इस संबंध में अधिक जानकारी एएमयू की वेबसाइट www.amu.ac.in पर उपलब्ध घोषणा से प्राप्त की जा सकती है।