अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का 63वां वार्षिक दीक्षांत समारोह परिसर के शानदार गुलिस्तान-ए-सैयद में शनिवार को आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में पांच हजार से अधिक डिग्रियां, 200 से अधिक मेडल्स और छह सौ से अधिक एमफि ल व पीएचडी की डिग्री प्रदान की गईं।
मुख्य अतिथि अमेरिकी उद्योगपति फ्रेंक फकरुल इस्लाम ने कहा कि उनकी कामयाबी में एएमयू का बहुत बड़ा योगदान है। कड़ी मेहनत के साथ लक्ष्य निर्धारित कर सफलता हासिल की जा सकती है। समर्पित भाव से कार्य करने पर ही इंसान सपनों को साकार कर सकता है और यही उनके जीवन का अनुभव है।
उन्होंने कहा कि सर सैयद ने इस संस्था को विश्वविद्यालय बनने का जो सपना देखा था, वह आज पूरा हो गया है। ऐसे में यहां के छात्रों को पूरे विश्व में फैल कर इसके नाम को गौरवान्वित करना है। समारोह की अध्यक्षता करते कुलाधिपति और दाउदी बोहरा के दाई-ए-मुतलक सैय्यदना मुफद्दल सैफ उद्दीन ने कहा कि यह विश्वविद्यालय मानवता की शिक्षा देता है। हम सबका प्रयास होना चाहिए कि हम मानवता के आधार को मजबूत करें। सूचना तकनीक और ग्लोबलाइजेशन के युग में दूसरों से आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम हमारे धर्म का भाग है। हमें शांति तथा सुरक्षा की शिक्षा को फैलाना चाहिये। यह हमारा धार्मिक कर्तव्य भी है। उन्होंने एएमयू के संस्थापक सर सैयद अहमद खां को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सर सैयद ने दूरदर्शिता से यह संस्था स्थापित की। यह केवल एक शैक्षणिक संस्थान ही नहीं है बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी है।
कुलपति जनरल जमीरउद्दीन शाह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही कुलपति ने स्पष्ट कर दिया कि एएमयू की स्थापना मुसलमानों के द्वारा और मुसलमानों के शैक्षिक उत्थान के लिए ही की गई है। एएमयू के पूर्व छात्र, देश के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ, फोरटिस एस्कार्ट हार्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक पद्मभूषण डॉ. अशोक सेठ और अमेरिका के प्रसिद्ध उद्योगपति फ्रेंक इस्लाम को डीएससी की मानद उपाधि प्रदान की गई। समारोह में सभी संकायों के डीन इस मौके पर संबंधित संकायों के डींस ने अपने संकायों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं की डिग्रियों को स्वीकार किया।
एमबीबीएस 2007 बैच की छात्रा फ रहा अजहर को सबसे अधिक छह गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। एमबीबीएस 2009 बैच की सबा आफरीन को तीन गोल्ड मेडल प्रदान किये गये। इसके अलावा मेडिसन संकाय के डीन प्रोफेसर जमाल अहमद, मनोविज्ञान विभाग के प्रो. अकबर हुसैन और केरल के प्रो. वेल्यानी अर्जुनन को डीएससी और डीलिट की डिग्री प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रो चांसलर नवाब इब्ने सईद खां ऑफ छतारी और मानद् कोषाध्यक्ष प्रो. हबीब उर रहमान, पीवीसी सैयद अहमद अली आदि मौजूद थे। संचालन रजिस्ट्रार डॉ. असफ र अली खान और कंट्रोलर प्रो. जावेद अख्तर ने किया।