अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) विधि विभाग में कम उपस्थिति के चलते रिजल्ट रोकने पर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। विरोध इतना बढ़ गया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को रविवार को होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के केंद्र में बदलाव करना पड़ा।
पहले बीटेक, बीआर्क, बी.कॉम और बीए की प्रवेश परीक्षाएं विधि विभाग में होनी थीं, लेकिन अब इनका केंद्र बदलकर रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी कर दिया गया है। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि नौवें सेमेस्टर में उपस्थिति के आधार पर उन्हें डिटेंशन कर दिया गया, जिससे वे ऑल इंडिया बार एसोसिएशन परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। विद्यार्थियों ने कहा कि उपस्थिति की जानकारी समय रहते नहीं दी गई, जिससे उनका भविष्य संकट में पड़ गया है।
विद्यार्थियों ने शिक्षकों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई प्रभावित हो रही है, क्योंकि कई प्रोफेसर प्रशासनिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुजीब उल्लाह जुबैरी ने कहा कि विधि विभाग में होने वाली प्रवेश परीक्षा अब विधि विद्यार्थियों के विरोध के चलते कोचिंग एकेडमी में होगी। इस संबंध में प्राॅक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने कहा कि कम उपस्थिति के चलते विधि के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की।