अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा में दूसरे के नाम से शामिल एक परीक्षार्थी को पकड़ लिया गया। परीक्षार्थी ने आवेदन फॉर्म में दर्ज नाम के बजाय दूसरा नाम बताया, जबकि उसका हस्ताक्षर भी अलग था। उसे संदिग्ध श्रेणी में रखकर उसके प्रपत्रों की जांच की जा रही है।
बृहस्पतिवार को कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा शाम चार बजे से शुरू हुई। अब्दुल्ला नर्सरी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर सभी परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र बांट दिए गए। उत्तर पुस्तिकाएं भी बांट दी गईं। सभी परीक्षार्थियों से कक्ष निरीक्षक उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर मिलान के लिए हस्ताक्षर ले रहे थे, तभी एक परीक्षार्थी का हस्ताक्षर पहले से किए हस्ताक्षर से अलग था, जिसे काटकर फिर से हस्ताक्षर कर दिया।
संदेह होने पर कक्ष निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक को इसकी जानकारी दी। इसी बीच प्रॉक्टोरियल टीम को भी सूचना दे दी गई, वह भी मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में उसने आवेदन फॉर्म में नाम अलग बताया। इसके बाद परीक्षार्थी के पिता को भी बुला लिया गया।
उन्होंने बताया कि फॉर्म बड़े बेटे से भरवाया था, उसने अपना नाम लिख दिया था। टीम ने पाया कि फोटो भी परीक्षार्थी की मिलती-जुलती नहीं है। परीक्षार्थी को परीक्षा दिलाई गई। उसे संदिग्ध मानकर उसके प्रपत्रों की जांच परीक्षा नियंत्रक टीम कर रही है।
एएमयू : कक्षा एक में 93 व छह में 86 फीसदी छात्रों ने दी परीक्षा
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की कक्षा एकमें 93 फीसदी व छह में 86 फीसदी छात्रों ने परीक्षा परीक्षा दी। कक्षा एक की प्रवेश परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक 8 केंद्रों पर हुई। इनमें 4785 में से 4489 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा शाम चार बजे से शाम छह बजे तक 14 केंद्रों पर हुई। पंजीकृत 9062 में 7807 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
परीक्षार्थियों के बोल
जो आता था, वह लिख दिया है। अच्छा पेपर हुआ है।
- मोहम्मद बिलाल, कक्षा एक
एक सवाल नहीं किया है। बाकी सब कर दिया है।
-अबू बकर, कक्षा एक
पेपर के लिए अच्छी तैयारी की थी। परिणाम अच्छा आएगा।
-डेजी, कक्षा छह
मुझे उम्मीद है कि मैं परीक्षा में कामयाब हो जाऊंगी।
-शायला खा, कक्षा छह