अलीगढ़। एएमयू में खेली जा रही नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की टीम एमडीयू रोहतक को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंच गई। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में एएमयू के लक्षित सूद ने एकल मुकाबले में रोहतक के अमित को 7-6, 7-5 और 6-1 से पराजित किया।
जबकि दूसरे सिंगल्स मुकाबले में चंद्रिल सूद ने रंजीत सिंह को 6-2, 6-3 से हराया। युगल मुकाबले में एएमयू के लक्षित सूद और चंद्रिल सूद की जोड़ी ने अमित बजाज और पारस सिंह को 6-2, 6-2 से परास्त किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 3-0 से हराया।
एकल मुकाबले में मोहाली के हरदीप सिंह ने दिग्विजय मेहता को 6-4, 6-1, जजवीर सिंह ने दिल्ली के श्रेय गुप्ता को 6-3, 6-2 से तथा युगल मुकाबले में जजबीर सिंह और दिपेंद्र की जोड़ी ने गुरिंद्र और युवराज की जोड़ी को 6-4, 2-1, 6-1 से हराया।
इससे पूर्व आज खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की टीम ने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को 3-1 से हराकर प्रतियोगिता के सेमी फाइनल में प्रवेश किया था। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 10 नवंबर को एएमयू और चंडीगढ़ मोहाली के बीच दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। सायं 4 बजे एएमयू कुलपति विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।