इस योजना के अंतर्गत प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाएं, साइनेज और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व लैंडस्केपिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्टेशन भवनों को स्थानीय स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित करने की भी तैयारी है।
अलीगढ़, आगरा और मथुरा के रेलवे स्टेशनों का स्वरूप जल्द बदलने वाला है। भारतीय रेल की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों का सौंदर्यीकरण शुरू होगा। ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही स्टेशन परिसरों को आधुनिक व आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
विज्ञापन
14 फरवरी को निरीक्षण करने आए उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल ने कहा अलीगढ़, आगरा और मथुरा स्टेशनों का सुंदरीकरण होगा। इसके लिए वह स्वयं स्टेशनों का निरीक्षण कर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट नजदीक होने के कारण अलीगढ़ स्टेशन पर बनने वाले बहुमंजिला भवन के पहले चरण का काम भी जल्द शुरू होगा। इसमें अलीगढ़-मथुरा रेलवे लाइन को आपस में जोड़ने से पहले होने वाला सर्वे भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाएं, साइनेज और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व लैंडस्केपिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्टेशन भवनों को स्थानीय स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित करने की भी तैयारी है।
दरअसल अलीगढ़-आगरा-मथुरा रेल मार्ग यात्रियों की आवाजाही के लिहाज से अहम माना जाता है। यह सेक्शन दैनिक यात्रियों, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन के दृष्टिकोण से भी खास है। ऐसे में स्टेशनों का सौंदर्यीकरण यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी गति दे सकता है। महाप्रबंधक ने बताया कि कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। पहले चरण में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा, जबकि बाद के चरणों में सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
खामियां मिलने पर भड़के महाप्रबंधक
महाप्रबंधक नरेश पाल ने पार्किंग में अव्यवस्था मिलने पर नाराजगी जताते हुए डीटीएम को ठेका निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर 800 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सात मंजिला भवन के नक्शे का अवलोकन और निर्माण कार्य पर भी चर्चा करते हुए सिटी साइड पर बने नए भवन में टाइल्स, प्लास्टर के अलावा माल गोदाम साइड में पार्किंग व्यवस्था को बेहरत करने का आदेश दिया। साथ ही रेलवे कॉलोनी के पुराने क्वार्टरों को ध्वस्त कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आवास बनाने की जानकारी ली। सीसीटीवी कंट्रोल रूम में लिफ्ट और स्वचलित सीढ़ियों के समीप लगे कुछ कैमरे बंद पाए जाने पर उन्होंने तत्काल उन्हें चालू कराने के लिए कहा।