हाथरस किशोर न्याय बोर्ड से पेशी के बाद जिला कारागार अलीगढ़ वापसी के दौरान पुलिस वैन से फरार हुए हाथरस के दोनों कुख्यातों का दूसरे दिन रविवार को भी कोई सुराग नहीं लगा। अलीगढ़ के साथ-साथ हाथरस पुलिस भी उनकी तलाश में सरगर्मी से जुटी है। मडराक टोल से जेल के बीच उनकी फरारी की बात सामने आने के बाद पुलिस ने रविवार को दिन भर आगरा रोड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो वह सासनी गेट चौराहे के पास एक नर्सिंग होम के सीसीटीवी में पुलिस वैन के पीछे लटके हुए पाए गए हैं, जबकि हाथरस अड्डे के पास एक सीसीटीवी में वैन से गायब हैं। इससे साफ हो गया है कि वह सासनी गेट चौराहे से हाथरस अड्डे के बीच कहीं गाड़ी धीमी होने पर गायब हुए हैं। इधर, ड्यूटी पर लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किए गए हाथरस पलिस लाइन के दोनों सिपाहियों अफरोज खां व फिरोज खान को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
घटनाक्रम शनिवार दोपहर उस वक्त का है, जब जिला कारागार में निरुद्ध अपराधी सगीर (26 वर्ष) पुत्र मुन्ने खां निवासी धुवई थाना हसायन हाथरस व मुकेश उर्फ गुड्डू (28 वर्ष) पुत्र शंकर लाल निवासी समदपुर सादाबाद हाथरस हाल निवासी दयाल गार्डन सिकंदरा आगरा को हाथरस कलेक्ट्रेट स्थित किशोर न्याय बोर्ड से पेशी के बाद पुलिस वैन द्वारा अलीगढ़ कारागार लाया जा रहा था। तभी दोनों रास्ते में फरार हो गए। दोनों कुख्यात अपराधी हैं। इनमें से मुकेश पर 22 आपराधिक मुकदमे और सगीर पर 8-10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से सगीर 30 नवंबर 2018 से और मुकेश 12 अक्तूबर 2017 से जेल में निरुद्ध था। फरारी के बाद पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मडराक टोल पर दोनों सीसीटीवी में कैद हैं। फरारी के बाद पुलिस टीमों ने जब रविवार को सीसीटीवी खंगाले तो यह साफ हुआ कि वह सासनी गेट चौराहे के पास वैन से बाहर निकलकर जाली पर पीछे लटके हुए कैद हैं, जबकि हाथरस अड्डे पर गायब हैं। इधर, इस घटना के संबंध में दोनों अपराधियों के अलावा हैड कांस्टेबल अफरोज खां व सिपाही फिरोज खां पर हाथरस आरआई ने मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें दोनों सिपाहियों को गिरफ्तारी के बाद रविवार को जमानत दे दी गई।
-हाथरस के कुख्यात अपराधियों की फरारी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कराई जा रही है। सिपाहियों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगी हैं, जल्द ही कोई सफलता हाथ लगने की उम्मीद है।-आकाश कुलहरि एसएसपी
कैदी वाहन से फरार सगीर।- फोटो : HATHRAS