एएमयू डक पॉन्ड पर प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : samvad
एएमयू के सांख्यिकी विभाग में बुधवार को उस वक्त खलबली मच गई, जब कुछ लोगों का एक समूह अचानक कक्षाओं में आ धमका। इन लोगों पर छात्रों को घेरकर बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस दौरान वहां हंगामा भी हुआ।
इनका कहना था कि छात्र संघ चुनाव के लिए चल रहे धरने में शामिल होने के लिए कक्षाओं का बहिष्कार किया जाए। सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक घटना 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:00 बजे की है।
एएमयू के सांख्यिकी विभाग के कक्ष संख्या एल8 में उस समय नियमित कक्षा चल रही थी। आरोप है कि कुछ लोगों का एक समूह जबरन क्लास के अंदर घुस आया। जब वहां बैठे छात्रों ने इसका पुरजोर विरोध किया, तो बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी हिंसक हो गए।
घटना के बाद कैंपस में दहशत और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायतकर्ता आजाद अहमद बाबू (शिफ्ट इंचार्ज) की तहरीर पर सिविल लाइन्स थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ सर्वम सिंह के मुताबिक एफआईआर में दिलकश नवाज़, हुरेरा जियाउद्दीन, बिलाल अहमद जावेद, नबील आलंम, साहिल सिराज, मोहम्मद कैफ सिद्दीकी और नवेद अहमद समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि परिसर में शांति और शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहें।