बन्ना देवी क्षेत्र की महिला ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति ने तीन तलाक देने के बाद हलाला के नाम पर उसे बंधक बनवा दिया। कई दिनों तक उसके साथ जबरदस्ती की गई और विरोध करने पर चेहरा तेजाब से बिगाड़ने की धमकी दी गई।
सोमवार को महिला करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ एसपी सिटी कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। महिला के मुताबिक उसका निकाह 10 नवंबर 2024 को भुजपुरा निवासी युवक के साथ हुआ था। शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाता रहा।
मामले में उसने बन्ना देवी थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई। आरोप है कि 23 मई को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने समझौते की बात कहते हुए उसे ससुराल से अलग किराये के मकान में रखा। वहां पति ने उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक दे दिया। इसके बाद दोबारा निकाह के लिए हलाला करने का दबाव बनाया गया।
आरोप लगाया कि पति के भाइयों ने करीब 15 दिन तक उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद एक मौलवी को बुलाकर जबरन निकाह पढ़ाया गया। नौ सितंबर की रात भी उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान उसने किसी तरह अपनी बहन और दुबई में रह रहे भाई को संदेश भेजकर घटना की जानकारी दी।
परिजन पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और उसे वहां से बाहर निकालकर अपने साथ ले गए। पीड़िता ने बताया कि मामले में कार्रवाई न होने पर उसने करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. ज्ञानेंद्र सिंह चौहान से संपर्क किया। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।