कासगंज रोड से पांती वाली सड़क के निर्माण कार्य के दौरान हरे पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से बिना अनुमति हरे पेड़ कटवा दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव शादीपुर में हरे आम और नीम व कदमपुर में नीम के पेड़ तथा हिदरामई में भी कई हरे नीम के पेड़ों को काट दिया गया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में अतरौली वन रेंज के रेंजर महफूज अली ने बताया कि हरे पेड़ों की कटाई की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि बिना अनुमति पेड़ काटे गए हैं तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।