अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में मास्टर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट की समन्वयक प्रो. शीबा हामिद ने राष्ट्रीय ग्रामीण पर्यटन परिषद के सहयोग से शिक्षा जगत और उद्योग के बीच सहयोग विषय पर हुई विश्व स्तरीय टॉक शो में संबोधन किया।
प्रो. शीबा हामिद ने कहा कि भारत मुख्य रूप से एक कृषि प्रधान देश है और देश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है।
इसलिए ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हमें ग्रामीण उत्पादों को शहरी तरीके से दुनिया के लिए पैकेज के रूप में प्रदर्शित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन की सभी संभावनाओं का विश्लेषण करना और भारत में ग्रामीण पर्यटन के विकास के संबंध में व्यवहार्य निर्णय लेने के लिए सरकार को सिफारिश प्रस्तुत करना है।
उन्होंने उद्योग की उभरती जरूरत के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के लिए पाठ्यक्रम तैयार करने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन नीति को कार्यबल के एक बड़े हिस्से के रूप में ग्रामीण महिलाओं के योगदान को चैनलाइज़ करना चाहिए और नीति बनाते समय उनके हितों को ध्यान में रखना चाहिए।