अलीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा है कि राफेल सौदे की सीबीआई द्वारा जांच होनी चाहिए।
क्योंकि फ्रांसीसी न्यूज़ एजेंसी के पोर्टल ने फ्रांस की एंटी करप्शन एजेंसी के माध्यम से खुलासा किया है कि रफेल जहाज के सौदे में 60 हजार करोड़ रुपए की दलाली भारतीय कंपनी के एजेंट को दी गई।
क्या इतने बड़े खुलासे के बावजूद भी कोई शक की गुंजाइश है। जबकि केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद इस खुलासे को झुठलाने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहले भी कई बार राफेल सौदे में काफी बड़ी दलाली की बात कही थी। लेकिन उनकी बात को अनसुना कर दिया गया।
अब जबकि फ्रांस की न्यूज़ एजेंसी ने यह खुलासा कर दिया है तब भी इस मामले को सरकार नकार रही है । उन्होंने सरकार से मांग की कि अगर वह छोटे-छोटे मामलों में सीबीआई जांच करा सकती है तो इतने बड़े भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई से जांच कराने में क्यों कतरा रही है। इस मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए।