तालानगरी से ड्यूटी कर लौट रहे एक फैक्टरी में सुपरवाइजर की शुक्रवार शाम करीब सात बजे हरदुआगंज मंडी के निकट गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात वाले स्थान से महज 100 मीटर दूर कस्बा प्रभारी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। आननफानन में पुलिस ने युवक को टेंपो से जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हरदुआगंज कस्बे के मोहल्ला दाऊजी निवासी 40 वर्षीय कालीचरन यादव पुत्र मुरारीलाल यादव तालानगरी में एक नामी फैक्टरी में सुपरवाइजर थे। शुक्रवार शाम ड्यूटी समाप्त होने पर स्कूटी से घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे हरदुआगंज मंडी गेट के निकट अज्ञात हमलावरों ने चलते-चलते कालीचरन की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही कालीचरन स्कूटी समेत एक बाइक पर जा गिरे। लोग कुछ समझ पाते उससे हमलावर भाग निकले। पहले तो लोगों इसे हादसा समझा और फायर की आवाज को टायर फटने की आवाज लेकिन लेकिन कालीचरन के न उठने और सिर के परखचे उड़े देख दहशत में आ गए।
वारदात वाले स्थान के समीप ही कालीचरन के पड़ोसी का चाय बीड़ी का खोखा है। उसने परिवार वालों को सूचना दी। बताते हैं कि 100 मीटर दूर ही बैरामगढ़ी माइनर पर वाहन चेकिंग कर रहे कस्बा प्रभारी सूचना मिलते ही पहुंचे। परिवार वालों के अनुसार मुरारीलाल यादव के दो बेटों में कालीचरन छोटे थे। मृतक की पत्नी और बच्चों का रोकर बुरा हाल था। परिवार के अनुसार मोहल्ले अथवा परिवार में किसी से विवाद नहीं था।