क्वार्सी थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद नगर में मंगलवार को महिला ने गृहक्लेश के चलते फंदे से लटक कर जान दे दी। शव लटका देख घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
शबनम(28) निवासी मौलाना आजाद नगर पत्नी शकील का मंगलवार की सुबह किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया। इसके बाद पति फल की ढकेल लेकर चला गया। इसी बीच शबनम ने कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। बेटी खेलते हुए कमरे में पहुंची तो शव लटका देख चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से दंपति के बीच अनबन चल रही थी। विवाद के चलते महिला ने आत्महत्या की है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।