अलीगढ़। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में पूरे देश में अलीगढ़ पिछले वर्ष के मुकाबले 28 पायदान आगे आकर 145वें स्थान पर आया है। बुधवार को सर्वेक्षण का परिणाम घोषित किया गया। नगर आयुक्त ने इसके लिए शहर के लोगों का आभार व्यक्त किया है और सभी सामाजिक संस्थाओं, गण्यमान्य नागरिकों के प्रयासों की सराहना की है।
स्वच्छता पर आधारित विश्व की सबसे बड़ी परीक्षा का परिणाम बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किया गया। सर्वेक्षण में इंदौर को पहला, अंपिकापुर को दूसरा और मैसूर को तीसरा स्थान मिला। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि गत वर्ष सर्वेक्षण 2018 में अलीगढ़ की प्रतिस्पर्धा देश के 4000 शहरों से थी।
इसमें अलीगढ़ 173 रैंक पर आया था। इस बार सर्वेक्षण 2019 में पिछली रैंक में सुधार करते हुए 145वी रैंक पायी। इससे लग रहा है शहर स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहा है। इसका श्रेय शहरवासी, अधिकारी, कर्मचारियों, पार्षद व विशेष रूप से सफाई कर्मचारियों को जाता है। इनके सार्थक प्रयासों के बल पर अलीगढ़ ने बेहतर प्रदर्शन किया।
इन बिंदुओं पर हुआ था परीक्षण
1-अलीगढ़ शहर को खुले में शौच मुक्त व खुले में शौच मुक्त प्लस होना,
2- कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह वैज्ञानिक तरीके से किया जाना
3- केंद्र की दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन प्रदेश के नगरीय निकायों मे राज्य नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा शहरी गरीबों के लिए योजनाएं संचालित होना।
4- शहर के प्रमुख फ्लाई ओवर का सौंदर्यीकरण
5- महानगर में सामुदायिक शौचालयों की स्थापना।
6- शहर में अंडरग्राउंड बिंस की स्थापना
7- शहरवासियों द्वारा स्वच्छता के प्रति किये जा रहें प्रयास
सफलता के लिए कठोर परीक्षा की आवश्यकता है और नगर निगम ने इस परीक्षा में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया है। जोश और शहरवासियों के सहयोग के बल पर आने वाले दिनों में फिर अलीगढ़ और अधिक श्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।
- सत्य प्रकाश पटेल, नगर आयुक्त