पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी का प्रकोप बुधवार को भी जारी रहा। दिन में धूप जरूर खिली लेकिन सर्द हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी। शाम को दिन छिपने के बाद ठिठुरन और बढ़ गई। मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइटों के मुताबिक अलीगढ़ में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ठंड और कोहरे का असर ट्रेन और बसों के संचालन पर भी पड़ा है। खुले में रात गुजारने वालों के लिए नगर निगम की ओर से रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। जबकि नगर निगम द्वारा इस बार प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था मानव उपकार संस्था को दी गई है। सरकारी अस्पतालों सहित निजी क्लीनिकों पर भी सर्दी के कारण बीमार हो रहे लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है।
आने वाले दिनों में और परेशान करेगी सर्दी
आने वाले दिनों में सर्दी और परेशान कर सकती है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों के संभावित तापमान पर नजर डालें तो बृहस्पतिवार को 6 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार, शनिवार को 4 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
सर्दी में चाय और गजक की मांग बढ़ी
सर्दी के चलते चाय, गजक, मूंगफली, तिल युक्त खाद्य पदार्थों की मांग में इजाफा हुआ है। शहर में मदार गेट, शाहपाड़ा, हलवाई खाना आदि वह इलाके जहां पर गजक बनाने का कम कई दशकों से होता है, वहां पर इनके शौकीनों की भीड़ देखी जा सकती है।
बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
मलखान सिंह जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. यशपाल रावल कहते हैं कि सर्दी के समय सबसे अधिक सावधानी बुजुर्गों और बच्चों को बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस समय अस्पताल की ओपीडी में सर्दी के चलते पेट खराब होने, बुखार होने, गले और नाक का संक्रमण होने की शिकायतें अधिक आ रही हैं।
सर्दी से बचाव के कुछ उपाय
- कमरे का तापमान सामान्य रखें।
- जब तक धूप न निकले बुजुर्ग सैर को न निकलें।
- गुनगुने पानी से प्रतिदिन स्नान करें, कपड़े रोज बदलें।
- ताजा खाद्य सामग्री को प्राथमिकता दें, बासी खाने से बचेें।
- पेयजल को भी सामान्य तापमान पर लाकर इस्तेमाल करें।
चार ट्रेनें रद्द, कई घंटों लेट, ठंड से यात्री बेहाल
कड़ाके की ठंड, कोहरा और सर्द हवाओं के बीच ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। बुधवार को लिच्छवी, गरीब रथ, महानंदा और ऊंचाहार एक्सप्रेस रद्द रहीं। हजारों यात्रियों को इसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, गोमती, गरीब रथ, महाबोधि, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की लेटलतीफी से यात्री परेशान हुए। ट्रेन के इंतजार में लोग स्टेशन पर ही ठिठुरते रहे। स्टेशन के बाहर न अलाव की व्यवस्था है और न ही ठंड से बचाव का कोई प्रबंध है। ट्रेनों के रद्द होने और देरी से चलने के कारण कुछ ने अपनी यात्री ही र्द्द कर दी।
हरदुआगंज नगर पंचायत में अलाव का निरीक्षण करते नगर पंचायत अध्यक्ष तिलकराज यादव।- फोटो : CITY OFFICE